अहमदाबाद, नमस्ते ट्रम्प / अमेरिकी राष्ट्रपति बोले- मोदी की कहानी असाधारण तरीके से तरक्की करने की; यह दिखाता है भारतीय जो चाहें कर सकते हैं

 



ट्रम्प ने कहा- मोदी से हर कोई प्यार करता है, लेकिन वे बहुत टफ हैं, लोगों को बंधनों से मुक्त रखते हैं और सपने पूरे करने देते हैं। ‘हम 8 हजार मील की दूरी तय कर यह बताने आए हैं कि अमेरिकियों को भारत से प्यार है, नए मोटेरा स्टेडियम में संबोधन गर्व की बात’ अहमदाबाद, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनॉल्ड ट्रम्प ने सोमवार को मोटेरा स्टेडियम में नमस्ते ट्रम्प कार्यक्रम में अपने संबोधन की शुरुआत करते हुए कहा, ‘‘हम 8 हजार मील की दूरी तय करने के बाद यह बताने आए हैं कि अमेरिकियों को भारत से प्यार है। 5 महीने पहले अमेरिका ने आपके महान प्रधानमंत्री का स्वागत किया था। आज भारत ने हमारा दुनिया के सबसे बड़े स्टेडियम में स्वागत किया है। खूबसूरत और नए मोटेरा स्टेडियम में आकर संबोधित करना मेरे लिए गर्व की बात है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘भारत का हमेशा हमारे दिल में विशेष स्थान रहेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जीवन इस महान देश की यात्रा को भी रेखांकित करता है। वे उनके पिता के साथ चाय बेचते थे। वे इसी शहर में एक कैफेटेरिया में काम करते थे। दुनिया के सबसे बड़े लोकतांत्रिक चुनाव में वे जीतकर आए हैं। आप सिर्फ गुजरात के लिए गर्व नहीं हैं, बल्कि आप इस बात के प्रतीक हैं कि भारतीय जो चाहें, उसे कैसे भी पूरा सकते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कहानी असाधारण तरीके से तरक्की करने की है। यही भारत की भी कहानी है। भारत दुनियाभर में इंसानियत के लिए एक उम्मीद है। यह दुनिया का सबसे नायाब देश है। भारत-अमेरिका दो अलग देश, लेकिन आत्मा एक जैसी’ मोदी से हर कोई प्यार करता है, लेकिन मैं आपको बता रहा हूं कि वे बहुत टफ हैं। जो देश अपने लोगों को सभी बंधनों से मुक्त रखता है और उन्हें उनके सपने पूरे करने देता है, वही देश महान होता है। भारत ऐसे देशों में से एक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अपने लोगों पर भरोसा है। यह अच्छी बात है। हमारे दो देशों के बीच कुछ फर्क है, लेकिन हमारी आत्मा एक जैसी है। स्वामी विवेकानंद ने इसका एक बार जिक्र किया था। इसी आत्मबल के साथ भारत के लोग हिम्मत बनाए रखते हैं और पूरी दुनिया को एक नई रोशनी दिखाते हैं। यहां का बॉलीवुड क्रिएटिविटी का उदाहरण है। भांगड़ा, रोमांस, ड्रामा और क्लासिक का एक उदाहरण दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे फिल्म है। सचिन तेंडुलकर से लेकर विराट कोहली तक भारत महान खिलाड़ियों का देश है। सरदार पटेल को इस देश ने ऊंची स्टेच्यू बनाकर श्रद्धांजलि दी है। दिवाली को इस देश के लोग बुराई पर अच्छाई के जीत के पर्व के रूप में मनाते हैं। रंगों का खूबसूरत त्योहार होली है। भारत हर व्यक्ति की गरिमा का सम्मान करने वाला देश है। यहां करोड़ों हिंदू-मुस्लिम, सिख, जैन, ईसाई और बौद्ध एकसाथ रहते हैं।